मिर्च काटने के बाद हाथों में जलन? इन घरेलू उपायों से मिलेगा फौरन आराम

भारतीय रसोई में मिर्ची का इस्तेमाल स्वाद के लिए भले ही जरूरी हो, लेकिन कई बार यह हाथों में तेज़ जलन और जलन जैसी खुजली का कारण भी बन जाती है। खासकर जब हरी मिर्च को बिना दस्ताने काटा जाता है या सिलबट्टे पर चटनी पीसी जाती है, तो इसके तीखे रसायन — मुख्यतः कैप्सेसिन (Capsaicin) — त्वचा पर लगकर तेज़ जलन पैदा करते हैं।

यह समस्या खासतौर पर गृहिणियों और किचन में नियमित काम करने वालों को होती है। हालांकि यह कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या नहीं, लेकिन उस समय जलन और बेचैनी इतनी अधिक हो जाती है कि तुरंत राहत की जरूरत पड़ती है।

आइए जानते हैं कुछ ऐसे आसान और असरदार घरेलू नुस्खे, जिनसे हरी मिर्च से हुई जलन को मिनटों में शांत किया जा सकता है।

1. ठंडा दूध या दही लगाएं

कैप्सेसिन एक ऑयली तत्व होता है जो पानी से नहीं हटता। परंतु दूध या दही में मौजूद कैसीन प्रोटीन इस जलन को कम करता है।

कैसे करें इस्तेमाल: प्रभावित हिस्से पर ठंडा दूध या दही लगाकर 10–15 मिनट तक छोड़ दें। इससे जलन धीरे-धीरे कम होने लगेगी।

2. घी या नारियल तेल से मालिश करें

तेल कैप्सेसिन को त्वचा की सतह से अलग करने में मदद करता है।

कैसे करें इस्तेमाल: थोड़ा सा देसी घी या नारियल का तेल लेकर प्रभावित हिस्से पर हल्के हाथों से मलें। फिर गुनगुने पानी से धो लें।

3. बेसन और दही का लेप लगाएं

यह देसी नुस्खा पुराने समय से इस्तेमाल में लाया जाता रहा है।

कैसे करें इस्तेमाल: 1 बड़ा चम्मच बेसन में 1 चम्मच दही मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे हाथों पर लगाएं और सूखने दें। फिर गुनगुने पानी से धो लें।

4. एलोवेरा जेल का करें उपयोग

एलोवेरा की तासीर ठंडी होती है और यह एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होता है।

कैसे करें इस्तेमाल: ताजे एलोवेरा की पत्ती काटकर उसका जेल निकालें और जलन वाली जगह पर लगाएं। 15-20 मिनट में आराम महसूस होगा।

5. नींबू का रस

नींबू की अम्लीय प्रकृति कैप्सेसिन के असर को कम करती है और जलन से राहत देती है।

कैसे करें इस्तेमाल: एक नींबू काटकर उसका रस सीधे हाथों पर लगाएं। 5 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें।

क्या न करें:

जलन की स्थिति में सिर्फ पानी से हाथ धोने पर राहत नहीं मिलती।

गरम पानी से धोने से जलन और बढ़ सकती है, इसलिए गुनगुने या ठंडे माध्यम का ही उपयोग करें।

आंख या चेहरे को बिना हाथ धोए न छुएं, इससे जलन वहां भी फैल सकती है।

विशेषज्ञ की सलाह

त्वचा रोग विशेषज्ञ, बताती हैं, “मिर्च में मौजूद कैप्सेसिन जलन का मुख्य कारण है, जो सामान्य पानी से नहीं हटता। ऐसे में वसा या अम्लीय तत्वों का प्रयोग ज्यादा कारगर होता है। अगर जलन लंबे समय तक बनी रहे या छाले पड़ जाएं तो चिकित्सक से परामर्श जरूर लें।”

यह भी पढ़ें:

क्या जंक फूड्स से भी बढ़ सकती है इम्युनिटी? जानिए सच्चाई