27 साल बाद सत्ता में लौटी BJP, कौन संभालेगा दिल्ली की कमान

दिल्ली में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 11 दिन बाद आज नए मुख्यमंत्री का नाम तय हो जाएगा। 27 साल बाद सत्ता में लौटी भारतीय जनता पार्टी (BJP) बुधवार शाम को विधायक दल की बैठक बुला रही है, जहां नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी। बीते दो हफ्तों से कई नामों की चर्चा हो रही थी, लेकिन अब फाइनल लिस्ट में केवल कुछ ही नाम बचे हैं, जिन पर मंथन जारी है।

रामलीला मैदान में शपथ की तैयारी, लेकिन कौन बनेगा CM?
दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। मंच सजने लगा है, लेकिन मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इस पर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। आज शाम 7 बजे इस रहस्य से पर्दा उठेगा।

CM की रेस में कौन-कौन?
BJP ने अपने 48 विधायकों में से 15 नामों की छंटनी की थी, जिनमें से 5 विधायकों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। संभावित नामों में आशीष सूद, अजय महावर, रविंद्र इंद्रराज, अनिल गोयल और राजकुमार भाटिया शामिल हैं। पहले कुछ सांसदों के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि CM सिर्फ विधायकों में से ही चुना जाएगा।

कैसे तय होगा नाम?
आज शाम BJP विधायक दल की बैठक होगी जिसमें केंद्रीय नेतृत्व की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक शामिल होंगे।
विधायक दल के फैसले को आलाकमान को भेजा जाएगा, जहां अंतिम मुहर लगेगी।
इसके बाद BJP नेता उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
फिर 20 फरवरी को रामलीला मैदान में नए मुख्यमंत्री और मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
क्या BJP फिर चौंकाएगी?
BJP अपने चौंकाने वाले फैसलों के लिए जानी जाती है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में पार्टी ने नए चेहरे लाकर सबको हैरान किया था। दिल्ली में भी ऐसा ही कुछ देखने को मिल सकता है।

PM मोदी की बैठक से निकलेगा संकेत?
आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में BJP संसदीय दल की बैठक भी हो रही है। इस बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद को लेकर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि, अंतिम फैसला पीएम मोदी, अमित शाह और पार्टी नेतृत्व के कुछ चुनिंदा नेताओं के पास ही रहेगा।

अब देखने वाली बात होगी कि 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी BJP किस चेहरे को कमान सौंपती है। जिसका भी नाम तय होगा, वह रामलीला मैदान में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगा।

यह भी पढ़ें:

अमेरिका में भी अडानी पर पर्दा क्यों डाल रहे हैं मोदी