झारखंड, जो अपनी जल, जंगल और प्राकृतिक खनिजों के लिए जाना जाता है, आज एक अजीबो-गरीब राजनीतिक और सुरक्षा संकट का सामना कर रहा है। आम जनता की तो बात छोड़िए, अब राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और उनके परिवार के लिए भी खतरा मंडरा रहा है। उन्हें अपनी और अपने परिवार की जान का भय सताने लगा है। उन्हें डर है कि कहीं उन पर हमला न हो या किसी बड़ी साजिश के तहत उनके या उनके परिवार के लोगों को फंसाया न जाए।
झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने खुलासा किया है कि यह खतरा किसी अपराधी से नहीं बल्कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार और उनके करीबी भ्रष्ट अधिकारियों से है। गिरिडीह परिसदन में पत्रकारों से बात करते हुए मरांडी ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों ने उन्हें सूचना दी है कि हेमंत सोरेन के कुछ करीबी और भ्रष्ट अधिकारी, जो षड्यंत्रकारी और अपराधी प्रवृत्ति के हैं, सरकार से सुपारी लेकर उन्हें डराने की कोशिश कर रहे हैं।
मरांडी ने कहा, “हम पर कभी भी हमला हो सकता है। मुझ पर हमला करने या मेरे खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करने की साजिश रची जा रही है। मेरे और मेरे परिवार के खिलाफ फर्जी स्टिंग ऑपरेशन की योजना भी बन रही है, क्योंकि हमने लगातार सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर किया है।”
उन्होंने कहा कि झारखंड में हुए शराब घोटाले, बालू माफिया, पत्थर माफिया, जमीन माफिया, कोयले की चोरी, अवैध खनन, जेएसएससी और जेपीएससी परीक्षाओं में भ्रष्टाचार जैसे कई मामले उन्होंने सार्वजनिक किए हैं। इसी कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
मरांडी ने 2013 की घटना भी याद दिलाई, जब दुमका के शिकारीपाड़ा में नक्सलियों को सुपारी देकर उनकी हत्या करवाने की साजिश रची गई थी। उन्होंने कहा कि अब उनके और उनके परिवार के खिलाफ भी ऐसी ही बड़ी साजिश रची जा रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके अधिकारियों से कहा कि अगर उन्हें लगता है कि धमकियों और झूठे मुकदमों से उन्हें डराया जा सकता है, तो वे बड़ी गलती कर रहे हैं। वे डरने वाले नहीं हैं।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने डीजीपी अनुराग गुप्ता पर भी आरोप लगाए हैं कि वे गैरकानूनी तरीके से अपने पद पर बने हुए हैं, जबकि उनका कार्यकाल 30 अप्रैल 2025 को समाप्त हो चुका है। मरांडी ने कहा कि ऐसे डीजीपी से कौन पूछेगा अगर वे किसी की हत्या कर दें।
उनके इन आरोपों के बाद झारखंड की सियासत गरमाई हुई है। मरांडी ने कहा, “मुझे खुद पर हमला होने का डर है, पता नहीं कब और कहां कौन हमला करवा देगा, और अगर ऐसा हुआ तो कौन जिम्मेदार होगा।”
यह भी पढ़ें:
गौतम गंभीर मां कामाख्या के दरबार में पहुंचे, इंग्लैंड दौरे से पहले मांगा जीत का आशीर्वाद
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check