बगहा के लिए बदलाव की बयार: अंकित देव अर्पण का जनसंवाद

बगहा शहर के मारवाड़ी धर्मशाला में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम और प्रेस वार्ता में अंकित देव अर्पण ने अपने विजन ‘संकल्प: विकसित बगहा’ को विस्तार से जनता के सामने रखा। 500 से अधिक लोगों की उपस्थिति में उन्होंने कहा कि बगहा की भूमि सदैव उपेक्षा की शिकार रही है, जबकि यहाँ के छात्र और युवा हर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत में सोनू यादव, महंत राम, अलाउद्दीन अंसारी और अभिषेक कुशवाहा ने उनके राजनीतिक प्रवेश का स्वागत किया। संचालन उज्ज्वल शुक्ला ने किया।

अंकित देव अर्पण ने युवाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की आवश्यकता जताई और कहा कि ऐसे युवकों को आगे लाना होगा जिनकी पृष्ठभूमि गैर-राजनीतिक रही हो, लेकिन जिनमें नेतृत्व की योग्यता है।

उन्होंने कहा कि बगहा के किसान आज भी 5 रुपये किलो आलू बेचते हैं जबकि उनके बच्चे महंगे पैकेटेड चिप्स खरीदते हैं। टेक्सटाइल पार्क को छीन लिया गया, जिससे रोज़गार के अवसर छिन गए।

स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी — “यह शर्मनाक है कि गर्भवती महिलाएं इलाज के अभाव में दम तोड़ रही हैं।” उन्होंने स्थानीय स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत करने की वकालत की।

उन्होंने केंद्र सरकार के नए कानूनों और गृह मंत्री की दूरदर्शिता की प्रशंसा करते हुए कहा कि साइबर फोरेंसिक और तकनीकी विकास को लेकर सदन में गंभीर चर्चा होनी चाहिए।

अंत में, उन्होंने बगहा को NFSU या RRU जैसे राष्ट्रीय संस्थान और एक आयुर्वेदिक महाविद्यालय की आवश्यकता बताई। उन्होंने साफ कहा कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी भूमिका तय कर चुके हैं और बगहा के विकास को लेकर गंभीर हैं।