जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आनंद पुष्कर जद(यू) में शामिल

जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व विधान पार्षद स्वर्गीय केदार नाथ पांडेय के सुपुत्र एवं शिक्षक नेता आनंद पुष्कर ने जनता दल (यू) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। उन्हें पार्टी की सदस्यता प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा द्वारा प्रदान की गई।

इस अवसर पर माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि श्री आनंद पुष्कर का जनता दल (यू) परिवार में शामिल होना संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि श्री आनंद पुष्कर सामाजिक सरोकारों से जुड़े हुए अनुभवी व्यक्तित्व हैं और उनके पार्टी में आने से संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ जनाधार भी सुदृढ़ होगा।

कार्यक्रम के दौरान विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक माननीय श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, माननीय श्री चंदन कुमार सिंह, माननीय श्री परमहंस कुमार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आपको बता दें कि आनंद पुष्कर अपने पिता स्वर्गीय केदारनाथ पांडेय प्रख्यात शिक्षाविद और शिक्षक नेता की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। पदोन्नति, स्थानांतरण, वेतन भुगतान, सेवा-निवृत्ति लाभ तथा वित्तरहित व अनुदानित शिक्षकों की समस्याओं सहित शिक्षकों से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को उन्होंने लगातार सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया है।