चाय की चुस्की बन सकती है खतरा: इन 5 लोगों को रहना होगा बेहद सावधान

दफ्तर में काम के बीच थोड़ी राहत चाहिए हो, या फिर सुबह की शुरुआत ताज़गी के साथ करनी हो—अधिकांश लोग एक कप गर्मागर्म चाय का सहारा लेते हैं। कई लोग तो दिनभर में कई बार चाय पीते हैं, और उसमें भी आदत ऐसी कि आंख बंद करके चुस्की लेते हुए आराम महसूस करते हैं। लेकिन यही आदत कुछ लोगों के लिए जोखिम भरी साबित हो सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार चेतावनी देते रहे हैं कि चाय का अत्यधिक सेवन कुछ खास वर्गों के लिए गंभीर दिक्कतें पैदा कर सकता है। यदि आप भी दिन में 3–5 कप या उससे अधिक चाय पीने वालों में शामिल हैं, तो यह जानना बेहद जरूरी है कि कहीं आप भी उस जोखिम वाले समूह का हिस्सा तो नहीं।

1. हृदय रोग से पीड़ित लोग

जिन व्यक्तियों को हाई बीपी, अनियमित हार्टबीट या अन्य हृदय संबंधी समस्याएं हैं, उन्हें चाय में मौजूद कैफीन नुकसान पहुंचा सकता है। कैफीन दिल की धड़कन बढ़ाती है और रक्तचाप को अस्थायी रूप से ऊंचा करती है। ऐसे में यह हृदय रोगियों के लिए अतिरिक्त भार बन सकती है। डॉक्टर अक्सर सलाह देते हैं कि हार्ट पेशेंट कैफीनयुक्त पेय को सीमित करें।

2. एसिडिटी और गैस्ट्रिक समस्या वाले लोग

गैस्ट्रिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए भी चाय जोखिमपूर्ण साबित हो सकती है। चाय में मौजूद टैनिन पेट में एसिड का स्तर बढ़ाते हैं, जिससे एसिडिटी, गैस, भारीपन और सीने में जलन की समस्या बढ़ सकती है। सुबह खाली पेट चाय पीने से यह खतरा और बढ़ जाता है। विशेषज्ञ ऐसी स्थिति में हर्बल या डिकैफिनेटेड विकल्प अपनाने की सलाह देते हैं।

3. एनीमिया से पीड़ित व्यक्ति

लोहे (Iron) की कमी से होने वाली एनीमिया बीमारी में चाय का अधिक सेवन शरीर में आयरन के अवशोषण को कम कर देता है। दरअसल, चाय में पाए जाने वाले टैनिन शरीर को आयरन सोखने से रोकते हैं। ऐसे मरीज यदि भोजन के साथ या खाने के तुरंत बाद चाय पीते हैं, तो उनका हीमोग्लोबिन स्तर और घट सकता है। इसलिए डॉक्टर एनीमिया मरीजों को चाय कम से कम लेने या भोजन के दो घंटे बाद लेने की सलाह देते हैं।

4. गर्भवती महिलाएं

गर्भावस्था के दौरान शरीर में हार्मोनल बदलाव और संवेदनशीलता बढ़ जाती है। चाय में मौजूद कैफीन प्लेसेंटा तक पहुंचकर भ्रूण के विकास को प्रभावित कर सकता है। अत्यधिक चाय पीने से गर्भस्थ शिशु के वजन पर असर पड़ने और मिसकैरेज का खतरा भी बताया जाता है। इसलिए गर्भवती महिलाओं को प्रतिदिन एक या अधिकतम दो कप हल्की चाय तक ही सीमित रहने की सलाह दी जाती है।

5. अनिद्रा या तनाव से ग्रस्त लोग

चाय का संबंध सीधा दिमाग की सतर्कता से है। कैफीन मस्तिष्क को सक्रिय बनाए रखता है और इसी कारण से अनिद्रा वाले लोगों के लिए यह अधिक समस्यात्मक हो सकता है। शाम या रात के समय चाय पीने से नींद उड़ सकती है और तनाव या घबराहट की समस्या भी बढ़ सकती है।

यह भी पढ़ें:

सर्दियों में बच्चों को बचाएं निमोनिया से, यह है सही आहार और सावधानी