24 घंटे में पाकिस्तान ने दागे 550 से अधिक ड्रोन, भारत ने सभी को किया ध्वस्त
नई दिल्ली/पंजाब। सीमा पर तनाव के बीच पाकिस्तान ने बीते 24 घंटों में 550 से अधिक ड्रोन भारत की सीमा में भेजे, जिन्हें भारतीय सेना ने एयर डिफेंस सिस्टम की मदद से हवा में ही नष्ट कर दिया। यह दुस्साहस पाकिस्तान ने पंजाब और हरियाणा के कई शहरों को निशाना बनाकर किया, जिसमें अमृतसर, फिरोजपुर, पठानकोट, होशियारपुर, गुरदासपुर, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र जैसे 18 से अधिक स्थानों पर हमले किए गए। हालांकि, भारत की सतर्कता से सभी मिसाइलें और ड्रोन लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाए और आसमान में ही ढेर हो गए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पाकिस्तान ने पवित्र स्थलों जैसे स्वर्ण मंदिर, करतारपुर साहिब कॉरिडोर जैसे स्थानों को भी निशाना बनाने की कोशिश की। यह न केवल युद्ध की रणनीतिक भूल है, बल्कि धार्मिक भावनाओं पर भी सीधा हमला है।
भारतीय सेना ने शुक्रवार सुबह करारा जवाबी हमला किया।
कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया, “पाकिस्तानी सेना ने पश्चिमी सीमाओं पर लगातार आक्रमक गतिविधियां जारी रखी हैं। उसने ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार, युद्धक हथियार और लड़ाकू विमानों का उपयोग कर भारतीय सैन्य ढांचे को निशाना बनाया। अंतरराष्ट्रीय सीमा और LoC पर 26 से अधिक स्थानों पर हवाई घुसपैठ के प्रयास किए गए। भारतीय सशस्त्र बलों ने अधिकांश खतरों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया। पाकिस्तान ने पंजाब के एयरबेस को निशाना बनाने के लिए रात 1:40 बजे हाई-स्पीड मिसाइलों का इस्तेमाल किया। चिंता का विषय यह रहा कि पाकिस्तान ने लाहौर से उड़ान भरने वाले नागरिक विमानों की आड़ लेकर अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों का दुरुपयोग किया ताकि वो अपनी गतिविधियां छिपा सकें।”
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि पाकिस्तान की कार्रवाइयां उकसावे और तनाव बढ़ाने वाली हैं। जवाब में भारत ने पाकिस्तान की ओर से की गई इन उकसावे और तनाव बढ़ाने वाली कार्रवाइयों का जिम्मेदाराना और संतुलित तरीके से बचाव किया है और प्रतिक्रिया दी है।
भारत सरकार और सेना ने स्पष्ट किया है कि भारत की सुरक्षा और संप्रभुता से खिलवाड़ करने वालों को अब हर मोर्चे पर मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।