बीजेपी अध्यक्ष पद पर सस्पेंस बरकरार, संगठन चुनावों की रफ्तार तेज

पहलगाम आतंकी हमले के बाद देश के हालात बदल चुके हैं और पाकिस्तान के खिलाफ संभावित कार्रवाई को लेकर रणनीति लगातार बन रही है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का इंतजार और लंबा हो गया है। मौजूदा तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पार्टी के संगठन चुनावों को लेकर स्थिति अभी भी साफ नहीं हो पाई है।

बीजेपी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। अब केवल पार्टी आलाकमान की मंजूरी का इंतजार है। पार्टी अब तक 14 राज्यों में संगठन चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर चुकी है।

यूपी-महाराष्ट्र को जल्द मिल सकता है नया प्रदेश अध्यक्ष
पार्टी संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए कम से कम 18 राज्यों में संगठन चुनाव का पूरा होना जरूरी है। महाराष्ट्र, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में अगले 15-20 दिनों में प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव कराए जाने की संभावना है। महाराष्ट्र और हरियाणा में पिछले साल विधानसभा चुनाव हुए थे जबकि दिल्ली में साल की शुरुआत में चुनाव हुए। वहीं उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव कराए जाने हैं।

संगठन की रफ्तार बनी हुई है
बीजेपी में पिछले कुछ समय से किसी न किसी वजह से अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया में देरी हो रही है। हालांकि पार्टी नेताओं के मुताबिक नए अध्यक्ष को लेकर चल रहे असमंजस के बावजूद संगठन के बाकी कामों में तेजी बरकरार है। सोमवार को राष्ट्रीय महासचिवों के साथ हुई बैठक में पार्टी के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

बीजेपी के 4 राष्ट्रव्यापी अभियान
बीजेपी ने पिछले महीने अपने स्थापना दिवस के मौके पर ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान चलाया था। इसके तहत करीब 2.5 लाख गांवों में 6 लाख बूथों तक संपर्क किया गया। साथ ही सक्रिय सदस्यों के लिए सम्मेलन भी आयोजित किए गए। बाबा साहब आंबेडकर की जयंती पर भी बीजेपी ने देशव्यापी कार्यक्रम किए। इसके अलावा वक्फ संशोधन कानून और ‘एक देश एक चुनाव’ को लेकर भी बीजेपी पूरे देश में जनजागरण अभियान चला रही है। सूत्रों के मुताबिक इन अभियानों की प्रगति को लेकर पार्टी नेतृत्व ने संतोष जताया है।

यह भी पढ़ें:

नाखून भी देते हैं कैंसर का इशारा, जानें अहम लक्षण