पश्चिम बंगाल की मूल निवासी महिला को करीब तीन महीने पहले नौकरी का वादा करके दिल्ली लाया गया था, लेकिन इसके बजाय उसे अवैध व्यापार में बेच दिया गया।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक 35 वर्षीय महिला को बचाया है, जिसे कथित तौर पर तस्करी करके यहां जीबी रोड रेड-लाइट इलाके में वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर किया गया था, एक अधिकारी ने रविवार को बताया।
उन्होंने बताया कि वेश्यालय के ‘मैनेजर’ को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल की मूल निवासी महिला को करीब तीन महीने पहले नौकरी का वादा करके दिल्ली लाया गया था, लेकिन इसके बजाय उसे अवैध व्यापार में बेच दिया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पहुंचने के बाद उसका अपने परिवार से संपर्क टूट गया, लेकिन करीब 10 दिन पहले वह अपने भाई को फोन करके अपनी स्थिति के बारे में बताने में कामयाब रही।
उन्होंने बताया कि उसके भाई ने इसके बाद एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) की मदद से राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) से संपर्क किया। अधिकारी ने बताया, “सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने बचाव अभियान शुरू किया और 5 अप्रैल को छापेमारी की। उसे जीबी रोड स्थित एक वेश्यालय से बचाया गया और उसके मैनेजर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।” प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पांचवीं कक्षा तक पढ़ी और गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली महिला का एक साल पहले तलाक हो गया था। उन्होंने बताया कि वह एक घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थी, लेकिन बाद में उसे एक महिला ने तस्करी के लिए दिल्ली भेज दिया। उसने उसे नौकरी दिलाने का वादा किया था। उन्होंने बताया कि उसके बयान के आधार पर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है और आगे की जांच जारी है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check