कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीयों को निर्वासित करने के तरीके के लिए सरकार की आलोचना की और मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर को इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए।
104 अवैध भारतीय अप्रवासियों को लेकर एक अमेरिकी सैन्य विमान बुधवार को अमृतसर में उतरा, अवैध अप्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत डोनाल्ड ट्रंप सरकार द्वारा निर्वासित भारतीयों का यह पहला जत्था था
निर्वासित लोगों ने दावा किया कि पूरी यात्रा के दौरान उनके हाथ-पैर बेड़ियों में जकड़े रहे और अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरने के बाद ही उन्हें खोला गया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, “बहुत सी बातें कही गईं कि मोदी जी और ट्रंप जी बहुत अच्छे दोस्त हैं। मोदी जी ने ऐसा क्यों होने दिया, क्या हम उन्हें लाने के लिए अपना विमान नहीं भेज सकते थे।”
उन्होंने कहा, “क्या लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाना चाहिए कि उन्हें हथकड़ी और जंजीरों में बांधकर वापस भेजा जाए।” यह पूछे जाने पर कि क्या विदेश मंत्री को जवाब देना चाहिए, उन्होंने कहा, “उन्हें जवाब देना चाहिए, प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए। क्या यही तरीका है?”
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check