प्रयागराज महाकुंभ में ‘आईआईटी बाबा’ के नाम से चर्चा में आए अभय सिंह ने शादी कर ली है और हाल ही में अपनी पत्नी प्रीतिका के साथ अपने पैतृक जिले झज्जर पहुंचे। सोमवार को वे बैंक खाते की केवाईसी अपडेट करवाने के लिए झज्जर तहसील पहुंचे, जहां कुछ देर अपने एडवोकेट पिता के चैंबर में रुके और मीडिया से बातचीत की। उनकी मौजूदगी की खबर मिलते ही चैंबर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोग उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए, वहीं कुछ ने पुरानी यादें भी ताजा कीं।
अभय सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी प्रीतिका बेंगलुरु की रहने वाली हैं और दोनों एक साझा विजन पर साथ काम कर रहे हैं। माता-पिता से मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे उनसे जरूर मिलेंगे, लेकिन बड़े उद्देश्य के लिए कभी-कभी छोटे दायरे से दूरी बनानी पड़ती है। उन्होंने यह भी बताया कि वे ‘श्री यूनिवर्सिटी’ बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, जहां सांसारिक ज्ञान के साथ-साथ आध्यात्मिक साधना को भी जोड़ा जाएगा।
अभय सिंह ने बातचीत में यह भी कहा कि जीवन में सांसारिक चीजों से दूरी बनाना आवश्यक है। फिलहाल वे अपनी पत्नी के साथ हिमाचल प्रदेश में रह रहे हैं और अपनी आध्यात्मिक तथा शैक्षणिक यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं। गौरतलब है कि महाकुंभ के दौरान उनकी साधु वेशभूषा, आईआईटी पृष्ठभूमि और स्पष्ट विचारों के कारण वे चर्चा में आए थे। सूत्रों के अनुसार अभय सिंह ने 15 फरवरी 2026 को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में विवाह किया था और 19 फरवरी को कोर्ट मैरिज भी की। शादी के बाद यह उनका अपने पैतृक स्थान झज्जर का पहला दौरा है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check