जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण करने के बाद शिक्षक नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता आनंद पुष्कर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा भी उपस्थित रहे।
भेंट के बाद आनंद पुष्कर ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जीवन और नेतृत्व सुशासन, सामाजिक न्याय, शिक्षा और विकास की सशक्त मिसाल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने यह सिद्ध किया है कि राजनीति केवल सत्ता का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम भी हो सकती है। उनकी दूरदर्शी और समावेशी सोच ने बिहार को नई दिशा दी है।
आनंद पुष्कर ने कहा कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में जनता दल (यूनाइटेड) की नीतियों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने तथा उनके संकल्पों को धरातल पर उतारने के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
इस अवसर पर जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि श्री झा संगठन के एक मजबूत स्तंभ हैं। उनकी रणनीतिक सोच, संतुलित नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण पार्टी को निरंतर मजबूती प्रदान कर रहा है।
भेंट के दौरान माननीय सांसद देवेश चंद्र ठाकुर तथा बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी भी उपस्थिति रहे।
आनंद पुष्कर ने पार्टी में शामिल कराने और स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने और संगठन को सशक्त करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check