पीरियड्स में असहनीय दर्द हो सकता है किसी गंभीर बीमारी का संकेत, न करें अनदेखा

महिलाओं के लिए मासिक धर्म एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है, लेकिन इससे जुड़ा दर्द कई बार सामान्य नहीं होता। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हर माह पीरियड्स के दौरान तेज, असहनीय दर्द (Severe Menstrual Cramps) होता है, तो यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है, जिसे नजरअंदाज करना आगे चलकर भारी पड़ सकता है।

वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ, बताती हैं, “मासिक धर्म के दौरान हल्का या मध्यम दर्द आम माना जाता है, लेकिन जब दर्द इतना अधिक हो कि महिला रोजमर्रा के काम भी न कर सके, तब यह चिकित्सकीय जांच का विषय बन जाता है।”

कब सामान्य नहीं होता पीरियड्स का दर्द?

दर्द तीन दिन से अधिक बना रहे

दवाएं लेने के बाद भी राहत न मिले

पीठ, पेट और जांघों में लगातार असहनीय ऐंठन

जी मिचलाना, उल्टी, सिर दर्द या बेहोशी जैसा महसूस होना

अत्यधिक रक्तस्राव के साथ दर्द

किन बीमारियों का संकेत हो सकता है यह दर्द?

एंडोमेट्रियोसिस (Endometriosis):
यह स्थिति तब होती है जब गर्भाशय की लाइनिंग जैसी टिशू उसके बाहर बढ़ने लगती है। इससे तेज दर्द, इनफर्टिलिटी और असामान्य ब्लीडिंग हो सकती है।

एडिनोमायोसिस (Adenomyosis):
इसमें गर्भाशय की अंदरूनी परत उसके मांसपेशियों में धंस जाती है, जिससे अत्यधिक दर्द और सूजन हो सकती है।

फाइब्रॉइड्स (Fibroids):
गर्भाशय में बनने वाले ये गैर-कैंसर वाले ट्यूमर भारी ब्लीडिंग और दर्द का कारण बन सकते हैं।

पेल्विक इंफ्लेमेटरी डिजीज (PID):
यह एक यौन संचारित संक्रमण (STI) से फैलने वाला रोग है, जो प्रजनन अंगों में सूजन का कारण बनता है और पीरियड्स के दौरान तेज दर्द कराता है।

सेकेंडरी डिस्मेनोरिया (Secondary Dysmenorrhea):
यह तब होता है जब दर्द किसी पहले से मौजूद बीमारी के कारण होता है। यह उम्र के साथ शुरू होता है और समय के साथ बढ़ता है।

क्या करें अगर दर्द असहनीय हो?

डॉक्टर से परामर्श लें और अल्ट्रासाउंड या अन्य परीक्षण करवाएं

पेनकिलर या घरेलू उपायों पर पूरी तरह निर्भर न रहें

हीट पैक और हल्की एक्सरसाइज से राहत मिल सकती है

पौष्टिक आहार और पर्याप्त नींद लें

स्ट्रेस से बचें, क्योंकि मानसिक तनाव भी हार्मोनल असंतुलन को बढ़ा सकता है

महिलाएं रखें सजगता, दर्द को न समझें सामान्य

महिलाओं को अक्सर यह कहकर चुप करा दिया जाता है कि “पीरियड्स में दर्द तो होता ही है।” लेकिन हर दर्द सामान्य नहीं होता। विशेषज्ञों की मानें तो समय रहते सही जांच और इलाज होने पर न सिर्फ राहत मिल सकती है, बल्कि भविष्य में बड़ी बीमारियों से भी बचा जा सकता है।

यह भी पढ़ें:

अब अंतरिक्ष में भी चमकेंगे कपड़े: चीन की अनोखी वॉशिंग मशीन तैयार