कतर एयरवेज पर लगे गंभीर आरोप, ऑस्ट्रेलियाई अदालत ने दी ट्रायल की अनुमति

दुनिया की लग्जरी और विश्वस्तरीय सेवा के लिए जानी जाने वाली कतर एयरवेज अब एक गंभीर कानूनी विवाद में उलझ गई है। ऑस्ट्रेलिया की पांच महिला यात्रियों ने एयरलाइन और दोहा एयरपोर्ट की ऑथोरिटीज पर आरोप लगाए हैं कि अक्टूबर 2020 में उन्हें जबरन फ्लाइट से उतारकर शारीरिक जांच की गई, वह भी बिना उनकी सहमति के।

अब इस मामले में ऑस्ट्रेलिया की संघीय अदालत ने कतर एयरवेज और एयरपोर्ट ऑपरेटिंग कंपनी मातर के खिलाफ ट्रायल की मंजूरी दे दी है, जो कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कतर के खिलाफ एक बड़ी कानूनी चुनौती बन सकती है।

क्या है पूरा मामला?
यह घटना अक्टूबर 2020 की है, जब हमद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दोहा के एक वॉशरूम में एक नवजात बच्चा लावारिस हालत में मिला था। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और अधिकारियों ने नवजात की मां की तलाश के लिए सिडनी जा रही फ्लाइट से पांच ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं को उतारकर, हथियारबंद गार्ड्स की निगरानी में एम्बुलेंस में ले जाकर उनकी बॉडी चेकिंग की।

इनमें से तीन महिलाओं ने अपनी शिकायत में कहा कि शारीरिक जांच बेहद निजी और अपमानजनक थी, और उनकी सहमति के बिना की गई। महिलाएं इसे यौन उत्पीड़न, झूठी कैद और शारीरिक हमला मानती हैं।

कोर्ट ने बदला पुराना फैसला
इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई अदालत ने मामले को खारिज कर दिया था, यह कहते हुए कि कतर एयरवेज या अन्य संस्थाएं क़ानूनी रूप से जिम्मेदार नहीं मानी जा सकतीं क्योंकि वे राज्य की कार्रवाई का हिस्सा थीं। लेकिन अब मुख्य न्यायाधीश एंगस स्टीवर्ट ने इस निर्णय को पलट दिया है और कहा कि यह तय करना कि घटना उड़ान से जुड़ी प्रक्रिया का हिस्सा थी या नहीं, ट्रायल के दौरान तय होगा।

साथ ही, कोर्ट ने एयरपोर्ट ऑपरेटर मातर पर ट्रायल की अनुमति दी है क्योंकि घटना के समय जांच करने वाली नर्स संभवतः मातर की कर्मचारी थी। हालांकि, QCAA (कतर सिविल एविएशन अथॉरिटी) को अभी भी सरकारी संस्था मानते हुए कानूनी छूट दे दी गई है।

क्या होगा आगे?
अब इस केस का ट्रायल ऑस्ट्रेलिया में होगा, जो कतर एयरवेज और उसके सहयोगी संस्थानों के लिए एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय छवि चुनौती साबित हो सकती है। मामला मानवाधिकारों और हवाई यात्रा की सुरक्षा प्रक्रिया पर नए सवाल खड़े करता है।

यह भी पढ़ें:

सुबह उठते ही जीभ पर सफेद परत दिखती है? जानिए इससे जुड़ी 5 गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं