दून एक्सप्रेस के महिला कोच से 78 जीवित कछुए बरामद

धनबाद रेलवे सुरक्षा बल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दून एक्सप्रेस के महिला कोच से 78 जीवित कछुओं को बरामद किया है। बरामद किए गए कछुओं का अनुमानित बाजार मूल्य करीब आठ लाख रुपये बताया जा रहा है। इस संबंध में आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई।

जांच के दौरान सीट के नीचे से कछुए बरामद किए गए जिसे वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया। जांच के दौरान सीट के नीचे से कपड़े के छह लावारिस थैले बरामद हुए। जब टीम ने आसपास की महिला यात्रियों से पूछताछ की तो किसी ने भी उन थैलों पर दावा नहीं किया। संदेह होने पर थैलों को खोला गया। जिनमें जूट के बोरे में बंद 78 जीवित इंडियन फ्लैपशेल प्रजाति के कछुए पाए गए।

इस संबंध में आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि यह सफल अभियान वन्यजीव तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।