चैंपियंस ट्रॉफी में विराट कोहली के निशाने पर 7 बड़े रिकॉर्ड

टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है, लेकिन ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को खेला जाएगा। इस मैच का टूर्नामेंट पर खास असर नहीं पड़ेगा, लेकिन इसे ऐतिहासिक जरूर बना सकता है विराट कोहली का 300वां वनडे मैच।

विराट कोहली ऐसा करने वाले सिर्फ 7वें भारतीय खिलाड़ी होंगे, और इस मैच में उनके निशाने पर कई रिकॉर्ड होंगे। क्या वह सचिन, सहवाग, धवन और क्रिस गेल जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ पाएंगे? आइए नजर डालते हैं उन 7 बड़े रिकॉर्ड्स पर जो विराट अपने 300वें वनडे में तोड़ सकते हैं।

1. क्या धवन और क्रिस गेल को पीछे छोड़ेंगे कोहली?
विराट कोहली चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। फिलहाल, ये रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम है, जिन्होंने 10 मैचों में 701 रन बनाए हैं। वहीं, कोहली 15 मैचों में 651 रन बना चुके हैं। अगर वे न्यूजीलैंड के खिलाफ 51 रन बना लेते हैं, तो धवन को पीछे छोड़ देंगे।

अगर कोहली ने 141 रन बनाए, तो वह चैंपियंस ट्रॉफी के ओवरऑल टॉप स्कोरर क्रिस गेल (791 रन) को भी पीछे छोड़ सकते हैं।

2. क्या सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे कोहली?
न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर (1750 रन, 42 मैच) के नाम है। विराट कोहली ने अब तक 31 वनडे में 1645 रन बनाए हैं। अगर वह 106 रन बना लेते हैं, तो सचिन को पछाड़कर नंबर 1 बन जाएंगे।

3. सहवाग को पीछे छोड़ने का मौका
वीरेंद्र सहवाग के नाम न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक (6) लगाने का रिकॉर्ड है। विराट कोहली पहले ही उनकी बराबरी कर चुके हैं। अगर कोहली एक और शतक ठोकते हैं, तो वह इस रिकॉर्ड के अकेले मालिक बन जाएंगे।

4. गांगुली, द्रविड़ और धवन को पीछे छोड़ने का मौका
सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और शिखर धवन ने चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर (6 बार) बनाए हैं। विराट कोहली भी पहले ही 6 बार ये कारनामा कर चुके हैं। अगर वह न्यूजीलैंड के खिलाफ 50+ स्कोर बना लेते हैं, तो वह इस मामले में सबसे आगे निकल जाएंगे।

5. वनडे में 14,000+ रन और संगकारा का रिकॉर्ड!
विराट कोहली ने हाल ही में 14,000 वनडे रन पूरे किए हैं और वह अब तक 299 मैचों में 14,085 रन बना चुके हैं। अगर वह न्यूजीलैंड के खिलाफ 150 रन बना लेते हैं, तो वह कुमार संगकारा (14,234 रन, 404 मैच) को पीछे छोड़कर वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे।

6. वनडे में सबसे ज्यादा कैच लेने का रिकॉर्ड
विराट कोहली के नाम वनडे में अब तक 158 कैच हैं। अगर वह न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 कैच लपक लेते हैं, तो वह रिकी पोंटिंग (160 कैच) को पीछे छोड़कर वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे।

7. क्या न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे बड़ा स्कोर बनाएंगे?
विराट कोहली का न्यूजीलैंड के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ वनडे स्कोर 154 नाबाद है*। अगर वह इससे ज्यादा रन बनाते हैं, तो वह अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।

क्या कोहली 300वें वनडे को यादगार बना पाएंगे?
विराट कोहली ने अपने करियर में कई ऐतिहासिक पारियां खेली हैं। क्या वह अपने 300वें वनडे को भी खास बना पाएंगे और इन रिकॉर्ड्स को तोड़ पाएंगे? सभी की नजरें इस खास मुकाबले पर होंगी!

यह भी पढ़ें:

जब छोटे कद के नेताओं ने अमेरिका को दी कड़ी चुनौती, जेलेंस्की भी इसी रास्ते पर