बीती रात आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर से एक दर्दनाक खबर सामने आई। तिरुपति मंदिर में अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 6 लोगों की जान चली गई। वहीं कई लोग बुरी तरह से घायल हैं। घायलों में 2 महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं अब भगदड़ की असली वजह भी सामने आ गई है।
30 लोग घायल
खबरों के अनुसार, घायलों में ज्यादातर लोग तमिलनाडु के रहने वाले हैं। इस भगदड़ में कम से कम 30 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें रूईया अस्पताल में भर्ती किया गया है। आंध्र प्रदेश सरकार ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
तिरुपति मंदिर में क्यों बढ़ी भीड़?
तिरुपति मंदिर की देखरेख के लिए तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम्स (TTD) नामक संगठन बनाया गया है। TTD के अध्यक्ष ने भगदड़ मचने की असली वजह का खुलासा किया है। दरअसल, कल यानी बुधवार को बैकुंठ एकादशी का पर्व मनाया जा रहा था, जिसके कारण तिरुपति मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ आई थी। शाम से ही लोग लंबी लाइनों में लगे थे। इस दौरान दर्शन के टोकन बांटने के लिए स्पेशल काउंटर बनाए गए थे।
TTD अध्यक्ष ने बताई भगदड़ की वजह
सूत्रों के अनुसार, तिरुपति के MGM हाई स्कूल के पास भी टोकन बंट रहे थे। बुधवार सुबह से ही दर्शन के टोकन लेने के लिए भक्तों के बीच धक्का-मुक्की का माहौल था। हालांकि शाम को एक महिला की तबीयत अचानक खराब हो गई। TTD के अध्यक्ष बीआर नायडू का कहना है कि दर्शन के दौरान कतार में खड़ी एक महिला की तबीयत बिगड़ने पर जैसे ही दरवाजा खोला गया, भगदड़ मच गई।
सीएम नायडू ने जताई नाराजगी
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी इस घटना पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। आज यानी गुरुवार की सुबह चंद्रबाबू नायडू तिरुपति मंदिर का दौरा करेंगे और मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान कर सकते हैं। यह भगदड़ तिरुपति मंदिर के बैकुंठ द्वार पर मची थी। सीएम नायडू ने इस पूरी घटना की समीक्षा करने के आदेश दिए हैं।
अधिकारियों पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री नायडू ने इस भगदड़ पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि अगर मंदिर में भीड़ बढ़ रही थी तो वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे? सीएम ने जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति असंतोष जताया है और पूछा कि बैकुंठ एकादशी के दिन भक्तों की संख्या अधिक होने की संभावना थी, तो मंदिर में उसके अनुसार तैयारी क्यों नहीं की गई?
TTD को दी सलाह
सीएम नायडू ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के आदेश दिए हैं ताकि मृतकों की संख्या और न बढ़े। साथ ही उन्होंने घायलों को मिलने वाली मेडिकल सुविधाओं की भी जानकारी मांगी है। इसके अलावा, उन्होंने TTD के टोकन काउंटर्स के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के आदेश भी दिए हैं।
यह भी पढ़े :-
मसल्स ग्रोथ के लिए सिर्फ प्रोटीन नहीं, इन टिप्स को भी अपनाएं