मुंबई इंडियंस को 5 बार चैंपियन बनाने वाले और ‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर रोहित शर्मा आज 38 साल के हो गए हैं। IPL में उन्होंने जो कारनामे किए हैं, वे किसी भी क्रिकेटर के लिए प्रेरणा हैं। फैंस उन्हें उनकी धुआंधार बल्लेबाजी और बड़े-बड़े छक्कों के लिए जानते हैं, लेकिन रोहित के नाम कुछ ऐसे रिकॉर्ड भी हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। चलिए जानते हैं IPL में उनके ऐसे 5 महारिकॉर्ड, जिन्हें तोड़ पाना बेहद मुश्किल है।
1. 6000+ रन और हैट्रिक लेने वाले इकलौते खिलाड़ी
बहुत कम लोग जानते हैं कि रोहित शर्मा IPL में गेंदबाजी भी कर चुके हैं, और उन्होंने हैट्रिक भी ली है। 2009 में डेक्कन चार्जर्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ हैट्रिक ली थी। इसके साथ ही वो IPL में 6000+ रन बनाने और हैट्रिक लेने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। फिलहाल उनके नाम 266 मैचों में 6868 रन दर्ज हैं।
2. फाइनल में दो अर्धशतक लगाने वाले अकेले कप्तान
रोहित शर्मा बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं। IPL के फाइनल जैसे दबाव भरे मुकाबलों में भी उन्होंने टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 2015 के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ और 2020 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अर्धशतक लगाए। IPL इतिहास में फाइनल में दो अर्धशतक लगाने वाले वो इकलौते कप्तान हैं।
3. सबसे ज्यादा ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी
हाल ही में चेन्नई के खिलाफ 76 रनों की पारी खेलने के बाद रोहित को 20वीं बार प्लेयर ऑफ द मैच (POTM) अवॉर्ड मिला। इस तरह वो IPL इतिहास में 20 बार यह अवॉर्ड जीतने वाले पहले भारतीय बने। उनसे ज्यादा POTM सिर्फ एबी डिविलियर्स (25) और क्रिस गेल (22) के नाम हैं।
4. संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा IPL खिताब जीतने वाले कप्तान
रोहित ने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को 5 बार IPL चैंपियन बनाया। इस मामले में केवल एमएस धोनी उनके बराबर हैं। इसके अलावा, बतौर खिलाड़ी उन्होंने 2009 में डेक्कन चार्जर्स के लिए भी खिताब जीता था। यानी उनके नाम कुल 6 IPL ट्रॉफी हैं — जो रिकॉर्ड सिर्फ अंबाती रायुडू के नाम है।
5. भारतीयों में सबसे ज्यादा छक्के
रोहित शर्मा की पहचान है उनके लाजवाब छक्के। IPL में उन्होंने अब तक 297 छक्के लगाए हैं, जो किसी भी भारतीय खिलाड़ी से ज्यादा हैं। उनसे आगे सिर्फ क्रिस गेल (357 छक्के) हैं। यही वजह है कि उन्हें ‘हिटमैन’ कहा जाता है।
यह भी पढ़ें:
गर्मियों में पुराना कूलर भी देगा ठंडी हवा, अपनाएं ये आसान टिप्स
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check