शारदा यूनिवर्सिटी और IIT खड़गपुर में छात्रों की आत्महत्या पर SC में सुनवाई

नई दिल्ली: ग्रेटर नोएडा की शारदा यूनिवर्सिटी में और IIT खड़गपुर में छात्रों की आत्महत्या से जुड़े मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई की गई। सुप्रीम कोर्ट ने शारदा यूनिवर्सिटी के रवैये पर सवाल खड़ा किया। कोर्ट ने कहा कि इस केस में यूनिवर्सिटी ने खुद पुलिस में FIR क्यों नहीं दर्ज कराई?

कोर्ट ने कहा कि पिता को FIR क्यों दर्ज करानी पड़ी? क्या यह यूनिवर्सिटी प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बनती थी कि वो FIR दर्ज कराते? हालांकि कोर्ट ने कहा कि इस मामले में जांच शुरू हो चुकी है। इसलिए अभी हम कुछ नहीं कहेंगे क्योंकि इससे उन लोगों का पक्ष प्रभावित होगा जिनकी गिरफ्तारी हुई है।

सुप्रीम कोर्ट ने IIT खड़गपुर में लगातार हो रही छात्रों की आत्महत्या पर भी सवाल किया। कोर्ट ने कहा कि IIT खड़गपुर के साथ क्या समस्या है (क्यों वहां ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही है) वकील की ओर से बताया गया कि यूनिवर्सिटी ने 10 मेंबर की कमेटी बनाई है।

IIT खड़गपुर मामले पर वकील ने कहा कि एक काउंसलिंग सेंटर बनाया गया है। वो मानसिक स्वास्थ्य से जूझ रहे बच्चों पर ध्यान दे रहे है। एक फोन नंबर भी दिया गया है, जिन पर कभी भी कॉल किया जा सकता है।